कन्या गुरुकुल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का बोर्ड परिणाम रहा उत्कृष्ट-छात्राओं को किया सम्मानित
20 मई -खानपुर कलां
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के कन्या गुरुकुल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दसवीं एवं बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम इस वर्ष अत्यंत उत्कृष्ट रहा। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं के सम्मान हेतु एक भव्य ‘सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. सुदेश रहीं।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सुमिता सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। कक्षा दसवीं में छात्रा श्रेया ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। सिया ने 93.4 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि कनिका एवं नैंसी ने 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, दसवीं कक्षा की 8 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
कक्षा बारहवीं में नैंसी ने 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंजली ने 93 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान तथा तनु ने 92 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। बारहवीं कक्षा की 10 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. सुदेश एवं कुलसचिव प्रो. शिवालिक यादव ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में कुलपति प्रोफेसर डॉ. सुदेश ने छात्राओं को उनकी शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि विद्यालय के शिक्षकों एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों और सहयोग का प्रतिफल है।
समारोह में डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. श्वेता, प्रोफेसर कल्पना, प्रोफेसर अंशु भारद्वाज, प्रोफेसर जगदीप, विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्रीमती सुमिता सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का धन्यवाद व्यक्त किया।
फोटो कैप्शन :- 01 एक छात्रा को सम्मानित करते कुलपति प्रो सुदेश व कुलसचिव प्रो शिवालिक यादव।