logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर करें समाधान : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की करी समीक्षा, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

समीक्षा बैठक के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों को जारी किए सख्त निर्देश

सीएम विंडो मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : उपायुक्त


पंचकूला, 19 मई– हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ सीएम विंडो को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।

मुख्यमंत्री ने जिला स्तर पर सीएम विंडो पर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक के उपरांत पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा ने लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करें और उनके शीघ्र निस्तारण को सुनिश्चित करें, ताकि लोगों की समस्याओं का तय समय सीमा में समाधान हो सके। उन्होंने कहा की सीएम विंडो मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी।

उन्होंने सभी विभागों को शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने तथा जल्द से जल्द एटीआर (Action Taken Report) अपलोड करने के निर्देश भी दिए, जिससे शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जा सके।

उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविरों में भी सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की जाती है। नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इस उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतें सुनते हैं और उनका मौके पर समाधान करते हैं।

बैठक में पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार, एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम कालका संयम गर्ग, नगराधीश जागृति, आरटीए हैरतजीत कौर, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पाराशर, जिला वन मंडल अधिकारी विशाल कौशिक, तहसीलदार पंचकूला सुरेश कुमार, एमिनेंट पर्सन जस्मेर बंजारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0
67 views

Comment