अखिल असम छात्र संघ (आसू) ने राज्य में लगातार बढ़ रही महंगाई के खिलाफ 22 मई को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
अखिल असम छात्र संघ (आसू) ने राज्य में लगातार बढ़ रही महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हो रही वृद्धि के खिलाफ 𝟐𝟐 मई को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
संगठन ने आरोप लगाया कि खाद्य सामग्री, रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और मध्यमवर्गीय तथा गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। आसू के अध्यक्ष उत्पल शर्मा ने कहा कि बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि के कारण परिवहन खर्च बढ़ा है, जिसका सीधा असर खाद्य पदार्थों और अन्य वस्तुओं की कीमतों पर पड़ा है। संगठन का कहना है कि वर्तमान स्थिति में आम लोगों के लिए दैनिक जरूरतों को पूरा करना कठिन होता जा रहा है। संगठन ने यह भी कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन, धरना और विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर महंगाई नियंत्रित करने की मांग की जाएगी। आसू ने चेतावनी दी कि यदि आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आसू नेताओं के अनुसार, लगातार बढ़ती महंगाई के कारण छात्रों, श्रमिकों, कर्मचारियों और छोटे व्यापारियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने जनता से भी आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है, ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके और आम लोगों को राहत मिल सके।