तरसिक्का स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, शहीद भगत सिंह समाज सेवा सोसाइटी ने बढ़ाया हौसला अमृतसर/तरसिक्का : पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा
तरसिक्का स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, शहीद भगत सिंह समाज सेवा सोसाइटी ने बढ़ाया हौसला
अमृतसर/तरसिक्का : पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल तरसिक्का के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शहीद भगत सिंह समाज सेवा सोसाइटी (ब्यास) की टीम ने मेधावी छात्रों को सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
10वीं कक्षा में नवनीत कौर ने 543/650 अंक (83.53%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सिमरनजीत कौर ने 531/650 अंक (81.6%) के साथ द्वितीय स्थान तथा मनप्रीत कौर ने 530/650 अंक (81.2%) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 12वीं कक्षा में महकप्रीत कौर ने 452/500 अंक (90.4%) लेकर प्रथम स्थान, तरनप्रीत कौर ने 451/500 अंक (90.2%) के साथ द्वितीय स्थान तथा पारसजोत सिंह ने 449/500 अंक (89.8%) प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से विद्यालय, शिक्षकों तथा माता-पिता का नाम रोशन किया है और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बने हैं।
विद्यालय के प्रिंसिपल दीपक कुमार को भी शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एनजीओ अध्यक्ष जगदीश सिंह चाहल, जिला अध्यक्ष महिला विंग जगदीप कौर राय्या, ब्लॉक अध्यक्ष महिला विंग कुलविंदर कौर (सावन सिंह नगर), मास्टर बावा सिंह धुलका, हरप्रीत सिंह खजाला तथा शेर सिंह खजाला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में समाज सेवा सोसाइटी के सदस्यों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सौजन्य : जगजीत सिंह चाहल, ब्यास पंजाब
न्यूज़ : अरविंद प्रभाकर, दिल्ली