logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

झारखंड पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन शुरू, 5 जुलाई को होगी परीक्षा

जमशेदपुर: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 2026 को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत राज्य के सरकारी, पीपीपी मोड और निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रथम सेमेस्टर में नामांकन लिया जाएगा। इसके अलावा रांची और दुमका स्थित मिनी टूल रूम में मैकेनिकल इंजीनियरिंग (टूल एंड डाई) कोर्स में भी इसी परीक्षा के आधार पर प्रवेश मिलेगा।

पर्षद की ओर से जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 मई से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 जून निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन में सुधार के लिए 18 और 19 जून का समय दिया जाएगा।

प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई 2026 (रविवार) को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थी परीक्षा से चार दिन पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा ओएमआर आधारित ऑफलाइन मोड में होगी और प्रश्न हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में पूछे जाएंगे।

परीक्षा के लिए रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, दुमका, चाईबासा और पलामू में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का झारखंड का स्थानीय या स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। वहीं वर्ष 2026 में मैट्रिक पास करने वाले छात्र भी आवेदन कर सकेंगे।

इधर झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड ने डिप्लोमा प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा (लैटरल इंट्री) 2026 के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 19 मई से 12 जून तक किया जा सकेगा। परीक्षा 28 जून 2026 को आयोजित होगी।

22
592 views

Comment