स्टेशन पर चला स्वच्छता अभियान, 30 मिनट में शिकायत निस्तारण का लक्ष्य
मधुपुर. पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के तहत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 16 से 30 मई तक स्वच्छता जागरूकता अभियान का दूसरा चरण चलाया जा रहा है.
इसी क्रम में मंगलवार को मधुपुर स्टेशन परिसर में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह अभियान "देखें, सूचित करें, हम तुरंत कार्रवाई करेंगे" विषय पर आधारित है.
इसके तहत प्राप्त शिकायतों का समाधान 30 मिनट के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है. मधुपुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में आसनसोल मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक सहित रेलवे
अधिकारी, पर्यवेक्षक व हाउसकीपिंग कर्मी उपस्थित रहे. इस दौरान यात्रियों से संवाद कर उन्हें प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, शौचालय, फुट ओवर ब्रिज और अन्य परिसंचरण क्षेत्रों में गंदगी से संबंधित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी.
अधिकारियों ने बताया कि यात्री अपनी शिकायतें "रेल मदद" ऐप के माध्यम से फोटो अपलोड करके या सोशल मीडिया पर डीआरएम आसनसोल को टैग करते हुए ईआरचैलेंज हैशटैग के साथ दर्ज करा सकते हैं.
शिकायत मिलने पर संबंधित टीमें निर्धारित समय सीमा में त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई करती हैं.