सरायकेला-खरसावां: रायजामा गांव में पुलिस ने जनजागरूकता अभियान चलाया
सरायकेला-खरसावां: जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत रिडींग पंचायत के रायजामा गांव में पुलिस ने जनजागरूकता अभियान चलाया। इस सीमावर्ती पहाड़ी गांव में ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक और कानूनी विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने पुलिस-पब्लिक मैत्री संबंध मजबूत करने पर जोर दिया और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, डायल-112 तथा साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सतर्क रहने और अफवाह फैलाने वालों की सूचना पुलिस को देने की बात कही गई। थाना प्रभारी ने महिलाओं के अधिकारों, सड़क सुरक्षा नियमों और “गुड सेमेरिटन” कानून के बारे में भी विस्तार से बताया। एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।