जनगणना की तैयारी तेज, मकान सूचीकरण कार्य की समीक्षा
देवघर. डीसी शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में भारत की जनगणना 2027 के तहत जिले में चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्यों की विस्तृत समीक्षा हुई.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में सभी संबंधित अधिकारी, चार्ज पदाधिकारी और फील्ड कर्मी शामिल हुए. बैठक में डीसी ने निर्देश दिया कि 16 मई से 14 जून 2026 तक चल रहे इस विशेष अभियान को समयबद्ध, त्रुटिहीन और शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ पूरा करें.
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से हो रही जनगणना में किसी भी प्रकार की
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. डीसी ने सभी अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और आम नागरिकों को जागरूक करने का निर्देश दिया, ताकि प्रत्येक घर और व्यक्ति की सही जानकारी दर्ज हो सके.
बैठक में डीडीसी पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त आदि थे.