औरंगाबाद में पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का शुभारंभ
औरंगाबाद: फेसर पंचायत के बसडीहा गांव में पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार के सह-प्रभारी मंत्री रमा निषाद द्वारा जन शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु "सहयोग शिविर" का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने किया। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा और उप विकास आयुक्त ने मुख्य अतिथियों को सम्मानित किया। छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया और वरीय उपसमाहर्ता श्वेता प्रियदर्शी ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
इस शिविर का आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर किया जाएगा, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित हो सके। जिला पदाधिकारी ने बताया कि आवेदन कम-से-कम 30 दिन पहले प्राप्त किये जाएंगे ताकि उनका पूर्व परीक्षण किया जा सके। प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के अनुरूप प्रशासनिक सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम है। शिविर के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए तथा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल, उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।