झारखंड में कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, तेज हवा की संभावना
रांची: झारखंड में मौसम ने करवट ली है और कई जिलों में तेज आंधी, बारिश तथा वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 20 मई को बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने इन जिलों में आंधी, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की चेतावनी दी है। रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भी बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और हल्की बारिश की संभावना है। 21 और 22 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में लू चलने की आशंका व्यक्त की गई है। 23 मई को रांची समेत कई जिलों में फिर तेज आंधी और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।