चुनावी रैली का वो वादा: जब वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधायक मिथुन कुमार के प्रचार में चांदन नदी पुल निर्माण का दिया था भरोसा
कौशल कुमार
20 मई 2026
भागलपुर | जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत चांदन नदी पर पुल निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र की जनता को अब उस चुनावी वादे के धरातल पर उतरने का बेसब्री से इंतजार है, जो सूबे के वर्तमान माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा चुनाव के दौरान स्थानीय लोगों से किया था।दरअसल, विधानसभा चुनाव के समय एनडीए प्रत्याशी और वर्तमान नाथनगर विधायक मिथुन कुमार के पक्ष में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने सम्राट चौधरी पहुंचे थे। उस वक्त मंच से उन्होंने जनता के दर्द को समझा था और चांदन नदी पर पुल निर्माण करवाने का अटूट भरोसा दिलाया था।टहसूर-मोदीपुर-सलेमपुर समेत दर्जनों गांवों के लिए जीवन-मरण का सवाल नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जगदीशपुर प्रखंड की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि चांदन नदी इसके एक बड़े हिस्से को मुख्य मार्ग से अलग करती है। विशेषकर टहसूर,खोरद,और इसके आस-पास के दर्जनों गांवों के लिए यह नदी आज भी एक बड़ी बाधा बनी हुई है।
बरसात के दिनों में जब चांदन नदी उफान पर होती है, तब इन गांवों का प्रखंड मुख्यालय, स्थानीय बाजारों और भागलपुर शहर से सीधा संपर्क पूरी तरह कट जाता है। स्कूली बच्चों, कॉलेज जाने वाले युवाओं, गंभीर मरीजों और दैनिक मजदूरों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। वर्षों से यहां के ग्रामीण एक अदद स्थायी पुल के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
●चुनावी मंच से मिला था ठोस आश्वासन-:विधायक मिथुन कुमार की चुनावी रैली में उमड़ी भारी भीड़ और ग्रामीणों की इस जायज मांग को देखते हुए सम्राट चौधरी ने मंच से ऐलान किया था कि क्षेत्र के विकास और कनेक्टिविटी के लिए चांदन नदी पर पुल का निर्माण बेहद जरूरी है। उन्होंने जनता को भरोसा दिया था कि चुनाव के बाद इस पुल की योजना को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दिलाकर प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू करवाया जाएगा।
आज मिथुन कुमार क्षेत्र के विधायक हैं और उस वक्त जनता को भरोसा देने वाले कद्दावर नेता सम्राट चौधरी खुद सूबे के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाल रहे हैं। ऐसे में टहसूर सहित पूरे इलाके की उम्मीदें सातवें आसमान पर हैं।
●वादे को हकीकत में बदलते देखना चाहती है जनता-:स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि अब जब सम्राट चौधरी जी खुद मुख्यमंत्री हैं और मिथुन कुमार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, तो इस पुल के निर्माण की राह में कोई रोड़ा नहीं होना चाहिए। जनता को पूरी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री अपनी विकासपरक कार्यशैली का परिचय देते हुए पथ/पुल निर्माण विभाग को जल्द से जल्द इस पुल की डीपीआर (DPR) तैयार करने और प्रशासनिक स्वीकृति देने का निर्देश जारी करेंगे।
क्षेत्रीय लोगों की पुकार:
"सैदपुर से तहसूर के बीच चांदन नदी पर पुल बनना सिर्फ एक सड़क का जुड़ना नहीं है, बल्कि यह हमारे पूरे इलाके की लाइफलाइन है। चुनाव के समय जो बात मंच से कही गई थी, आज उसे पूरा करने का सबसे सही समय है। मुख्यमंत्री जी और हमारे विधायक जी मिलकर हमें यह सौगात जल्द दें।"
अब देखना होगा कि विभागीय स्तर पर इस दिशा में कितनी तेजी से फाइलें आगे बढ़ती हैं, लेकिन इतना तो तय है कि जनता टकटकी लगाए मुख्यमंत्री के वादे को हकीकत में बदलने का इंतजार कर रही है।