कोटद्वार में 31 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी का वार्षिक संयुक्त प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, प्रतिभाओं का हुआ शानदार प्रदर्शन
द्वारीखाल संबाददाता कमल उनियाल
कोटद्वार। गब्बर सिंह कैंप कोड़िया में 31 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी हरिद्वार द्वारा आयोजित वार्षिक संयुक्त प्रशिक्षण शिविर का समापन 19 मई 2026 को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। 10 मई से प्रारंभ हुए इस दस दिवसीय शिविर में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों और विद्यालयों से आए एनसीसी कैडेटों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेटों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना था, जिसके तहत शारीरिक, मानसिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का समावेश किया गया। इस दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में कैडेटों ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
सामूहिक गायन प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज जयहरीखाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार द्वितीय स्थान पर रहा। सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में डीएवी कोटद्वार ने बाजी मारी, वहीं एसवीएम ऋषिकेश को द्वितीय स्थान मिला।
रस्साकशी प्रतियोगिता में भी कैडेटों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। सीनियर बालिका वर्ग में देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज प्रथम और पीजी कॉलेज जयहरीखाल द्वितीय रहा। बालक वर्ग में डीएवी कोटद्वार प्रथम तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वितीय स्थान पर रहा। जूनियर बालक वर्ग में डीएसबी ऋषिकेश और जूनियर बालिका वर्ग में भी डीएसबी ऋषिकेश ने प्रथम स्थान हासिल किया।
खेल प्रतियोगिताओं में बास्केटबॉल में पीजी कोटद्वार प्रथम तथा डीएवी कोटद्वार द्वितीय स्थान पर रहा। वॉलीबॉल के बालक वर्ग में पीजी कोटद्वार और बालिका वर्ग में एसबीएम इंटर कॉलेज ऋषिकेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में 800 मीटर दौड़ में गजेंद्र सिंह प्रथम और सागर रावत द्वितीय रहे। 400 मीटर में हर्षिता (पीजी कोटद्वार) ने प्रथम तथा तनुश्री भारद्वाज (डीएवी कोटद्वार) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में कैनरिच सैमुअल (रेड फोर्ट इंटरनेशनल, ऋषिकेश) प्रथम और अखिलेश पवार (डीएसबी ऋषिकेश) द्वितीय स्थान पर रहे।
फायरिंग प्रतियोगिता में सीनियर बालक वर्ग में रौनक एग्री (पीजी कोटद्वार) प्रथम और भोला रघुवंशी (देव संस्कृति विश्वविद्यालय) द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में दिव्यांशी ममगांई (डीएवी कोटद्वार) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्गों में भी कैडेटों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
ड्रिल प्रतियोगिता में पीजी कोटद्वार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार द्वितीय स्थान पर रहा।
समापन समारोह में कैंप कमांडेंट कर्नल ललित पवार एवं एडम ऑफिसर गौरव नौगाई ने सभी विजेता कैडेटों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कैडेटों के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर युवाओं में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर एएनओ लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेंद्र सिंह चौहान, प्रो. विक्रम शाह, लेफ्टिनेंट चित्र नेगी, द्वितीय अधिकारी के.के. कोटनाला, अशोक सिंह, सूबेदार मेजर लक्ष्मण सिंह, सूबेदार सोहन सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
शिविर का समापन देशभक्ति और उत्साह के माहौल में हुआ, जहां कैडेटों ने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।