एमपीआरडीसी प्रबंध संचालक से मिले सांसद दर्शन सिंह चौधरी
फोर लेन सहित महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर भोपाल में चर्चा
झिरपा मार्ग के निर्माण से ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत :
भोपाल। होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने भोपाल पहुँचकर मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) के प्रबंध संचालक भरत यादव से उनके कार्यालय में भेंट की एवं क्षेत्र में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन सड़क एवं पुल परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान सांसद ने नर्मदापुरम से बनखेड़ी तक फोर लेन सड़क निर्माण, रायसेन जिले के उदयपुरा से बनखेड़ी होते हुए झिरपा तक लगभग 45 किलोमीटर सड़क निर्माण, बरेली से पचमढ़ी मार्ग के उन्नयन एवं निर्माण कार्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया।
इसके साथ ही तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में सिंदूर नदी तथा उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र की दुधी नदी (मुआर से उमरधा) पर पुल निर्माण के उपरांत दोनों ओर अप्रोच रोड निर्माण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने क्षेत्रीय विकास एवं बेहतर आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन सड़कों की शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने तथा निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने हेतु आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा व्यापार, पर्यटन एवं कृषि गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। सांसद श्री चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार एवं संबंधित विभाग के सहयोग से क्षेत्र में अधोसंरचना विकास के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।