logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खोदावंदपुर बाजार में युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी


बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खोदावंदपुर बाजार स्थित डाक बाबू के परिसर के पीछे मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही खोदावंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर वार्ड संख्या-03 निवासी स्वर्गीय घासी साह के लगभग 30 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक डाक बाबू के निर्माणाधीन मकान परिसर में बने कमरे में रहता था तथा शादी-विवाह समारोह में हलवाई का काम करता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच प्रक्रिया शुरू की। वहीं एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले की गहन छानबीन की।
इधर घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिसके बाद माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है।
मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मंझौल के नेतृत्व में खोदावंदपुर थाना पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।

10
951 views

Comment