नबीनगर प्रखंड में पंचायत सचिवों की हड़ताल से प्रमाण पत्र जारी ठप
नबीनगर प्रखंड: पंचायत सचिवों की हड़ताल के कारण जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। इस वजह से नवजात बच्चों के अभिभावकों, स्कूल-कॉलेज में नामांकन कराने वाले छात्रों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मृत्यु प्रमाण पत्र न बनने से परिवारों को बैंक, बीमा और अन्य सरकारी प्रक्रियाओं में बाधा आ रही है। स्थानीय लोग कई दिनों से प्रखंड कार्यालय एवं पंचायत कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद अपना काम नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पंचायत सचिवों की समस्या का शीघ्र समाधान कर जनहित में आवश्यक कार्य शुरू कराने की अपील की है।