कोटा: जेके सिंथेटिक्स मजदूरों का धरना 456वें दिन जारी
कोटा: जेके सिंथेटिक फैक्ट्री के लगभग 4200 मजदूरों का धरना 456वें दिन भी जारी है। सीटू के बैनर तले जिला कलेक्ट्रेट गेट पर चल रहे इस आंदोलन में मजदूर पिछले 29 वर्षों से बकाया 260 करोड़ रुपये वेतन के भुगतान और फैक्ट्री पुनः चालू कराने की मांग कर रहे हैं। माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य कामरेड दुलीचंद बोरदा, कामरेड उमाशंकर, कामरेड नरेंद्रसिंह और कामरेड अली मोहम्मद ने यह जानकारी दी।
सीटू के मीडिया प्रभारी मुरारीलाल बैरवा ने सरकार पर आरोप लगाया कि फैक्ट्री की जमीन को कोटा विकास प्राधिकरण को सौंप दिया गया है, लेकिन मजदूरों के बकाया वेतन का भुगतान नहीं हुआ। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार बंद उद्योग को चालू करने और भुगतान मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। आंदोलन में आज 935 मजदूरों ने उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें महिला श्रमिक नेता कामरेड पुष्पा खींची भी शामिल थीं।
आंदोलन के दौरान मजदूरों ने बूंदी के लाखेरी एसीसी सीमेंट फैक्ट्री के बंद होने का भी मुद्दा उठाया। सीटू ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के क्षेत्र में बंद उद्योगों पर चिंता जताई और लाखेरी मजदूरों के लिए भी उग्र आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने का ऐलान किया।