मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश पुलिस की अहरौरा पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता
मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश पुलिस की अहरौरा पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 1050 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार तस्कर सोनभद्र के एक ढाबे से शराब लेकर बिहार जा रहे थे। शराब की खेप कारों में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर ले जाई जा रही थी, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। बताया जा रहा है कि बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर आरोपी महंगे दामों पर शराब की सप्लाई करते थे।
गिरफ्तार तीनों आरोपी बिहार राज्य के निवासी बताए गए हैं। इनमें एक आरोपी होटल मालिक भी है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करने के साथ तीन कारें भी जब्त की हैं। बरामद शराब और जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया है। मामले की जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।