उत्तर प्रदेश में 19 से 22 मई तक हीटवेव रेड अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश : भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ ने 19 मई से 22 मई 2026 तक प्रदेश के कई जिलों में भीषण उष्ण लहर (लू) चलने की चेतावनी जारी की है। प्रभावित जिलों में बांदा, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशाम्बी, कानपुर देहात, कानपुर नगर और औरैया शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA) ने नागरिकों और श्रमिकों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है। श्रमिकों के लिए कार्य के बीच छाया में विश्राम, दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहरी कार्य से बचाव, ठंडे पानी एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। पशु मालिकों को भी पशुओं को छायादार स्थान पर रखने, ताजा पानी पिलाने और दोपहर के समय खेत में काम न कराने की हिदायत दी गई है। आपातकालीन स्थिति के लिए पुलिस, एम्बुलेंस और राहत कंट्रोल रूम के नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं।