कटनी में फ्लाई ओवर ब्रिज पर भारी जाम से आपात सेवाएं बाधित
कटनी: शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम ने आम जनता की परेशानी को गंभीर रूप दे दिया है। सोमवार को कटनी फ्लाई ओवर ब्रिज पर भारी जाम की स्थिति बनी, जिसके कारण घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे लोग काफी परेशान नजर आए। इस जाम में दो एम्बुलेंस भी फंसी रहीं, जिनमें मरीज मौजूद थे। एम्बुलेंस के सायरन बजते रहे, लेकिन जाम के कारण उन्हें रास्ता नहीं मिल सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कटनी शहर के प्रमुख मार्गों और फ्लाई ओवर ब्रिज पर नियमित रूप से जाम की समस्या बनी रहती है। ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की कमी और भारी वाहनों की आवाजाही ने स्थिति को और अधिक जटिल बना दिया है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि यातायात प्रबंधन में ठोस कदम उठाए जाएं ताकि आम जनता और आपातकालीन सेवाओं को परेशानी न हो। संवाददाता आदिशक्ति माँ विंध्यवासिनी मंदिर के राकेश निषाद ने इस समस्या को उजागर किया है।