logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गांधी बाग में प्लास्टिक बोतल संग्रहण एवं श्रेडर मशीन का उद्घाटन सुमित राणा, मेजर जनरल(जी.ओ.सी.) द्वारा किया गया

मेरठ - छावनी क्षेत्र के गांधी बाग में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु प्लास्टिक बोतल संग्रहण एवं श्रेडर मशीन का शुभ उद्घाटन मुख्य अतिथि सुमित राणा, मैजर (जी.ओ.सी.) द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में अध्यक्ष छावनी परिषद मेरठ ब्रिगेडियर संजीव कुमार सिंह, मुख्य अधिशासी अधिकारी जाकिर हुसैन, संयुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी सुश्री हर्षिता चामड़िया, नामित सदस्य, सतीश चन्द्र शर्मा एवं छावनी परिषद मेरठ के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में प्लास्टिक प्रदूषण एक गंभीर समस्या बन चुका है तथा इस प्रकार की आधुनिक मशीनें प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण एवं रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। नागरिकों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक बोतलें इधर-उधर न फेंककर निर्धारित मशीन में ही डालें।

मुख्य अतिथि सुमित राणा ने अपने संबोधन में कहा कि प्लास्टिक का उपयोग वर्तमान समय में दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है, अतः इसे पूर्ण रूप से रोकना संभव नहीं है। इसलिए प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण एवं अधिकतम रीसाइक्लिंग पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि छावनी परिषद मेरठ द्वारा प्रत्येक माह एक विशेष प्रोत्साहन दिवस आयोजित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत एक दिन में जो व्यक्ति सर्वाधिक प्लास्टिक बोतलें मशीन में डालकर रीसाइक्लिंग हेतु योगदान देगा, उसे छावनी परिषद मेरठ की ओर से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही विजेता का नाम समाचार पत्रों, सार्वजनिक मंचों एवं छावनी क्षेत्र में प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे आमजन में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ सके।

उक्त मशीन के माध्यम से खाली प्लास्टिक बोतलों को एकत्रित कर उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में श्रेड किया जाएगा, जिससे प्लास्टिक कचरे का सुरक्षित संग्रहण एवं पुनर्चक्रण संभव हो सकेगा। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मनोनीत सदस्य डॉ सतीश शर्मा ने बताया के पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को लेकर मेरठ कैंट बोर्ड पूर्ण रूप से जागरूक होकर कार्य कर रहा है ।

कार्यक्रम के दौरान मशीन की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन भी किया गया तथा उपस्थित लोगों को प्लास्टिक अपशिष्ट के उचित निस्तारण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। सफाई निरीक्षक अभिषेक गंगवार व कार्यालय अधीक्षक जय पाल तोमर ने बताया के मेरठ छावनी परिषद द्वारा भविष्य में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को संचालित किया जाता रहेगा।

200
5311 views

Comment