पूर्वोत्तर रेलवे पेंशन एसो.के प्रतिनिधि मंडल का प्रमुचिनि डॉ. माटे से शिष्टाचार भेंट
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन केन्द्रीय संगठन के सर्व श्री अमिय रमण अध्यक्ष, देवेंद्र मणि त्रिपाठी कार्यकारी अध्यक्ष, मुन्नीलाल गुप्ता महामंत्री, भानु प्रकाश नारायण महामंत्री (संगठन) एवं पुरुषोत्तम सिंह महामंत्री (हित) कुल पांच लोगों का प्रतिनिधि मंडल डा.सुषमा माटे नवागत प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक, ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय,पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर से शिष्टाचार भेंट कर इस रेलवे की चिकित्सा व्यवस्था में सुधार का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने सेंट्रल रेलवे द्वारा जारी 84 क्रॉनिक बीमारियों की सूची जिनकी दवा नियत चिकित्सा भत्ता देने वालों को भी देय है, उसे इस रेलवे पर भी जारी करने का अनुरोध किया साथ ही आग्रह किया कि ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय गोरखपुर के ओपीडी की दयनीय दशा का संज्ञान लें।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आग्रह किया कि रेलवे बोर्ड द्वारा निर्देशित निगरानी समिति का अन्य रेलवे पर गठन हो चुका है परंतु पूर्वोत्तर रेलवे पर गठन हेतु उनके पहल की जरूरत है।साथ ही एसोसिएशन के सभी ब्रांच वाली जगहों पर हेल्थ चेकअप कैंप लगाने एवं ओपीडी में डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड बनाने आदि मुद्दों पर कार्यवाही करने का आग्रह किया। प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक द्वारा भी सभी बातों को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।