मलेरिया को लेकर गढ़वा स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: 24 गांव चिह्नित, 11 मरीज मिले, जून से शुरू होगा कीटनाशक का छिड़काव
गढ़वा। जिले में मानसून से पहले स्वास्थ्य विभाग मलेरिया की रोकथाम के लिए पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इस वर्ष अब तक (जनवरी से अप्रैल) जिले में मलेरिया के 11 मरीज मिल चुके हैं। इसे देखते हुए विभाग ने जिले के 24 संवेदनशील गांवों को चिह्नित किया है, जहां आगामी जून के पहले सप्ताह से सघन कीटनाशक छिड़काव अभियान चलाया जाएगा।
भंडरिया प्रखंड सबसे अधिक प्रभावित
आंकड़ों के अनुसार, भंडरिया प्रखंड मलेरिया से सबसे ज्यादा प्रभावित है। पिछले वर्ष (2025) जिले में कुल 108 मलेरिया मरीज मिले थे, जिनमें अकेले भंडरिया प्रखंड से 41 मरीज थे। इस वर्ष भी स्वास्थ्य विभाग भंडरिया, मेराल, धुरकी, नगर उंटारी, भवनाथपुर और मंझिआंव जैसे प्रखंडों के चिह्नित गांवों पर विशेष ध्यान दे रहा है। इन प्रभावित गांवों की कुल आबादी लगभग 30,417 है।
विशेषज्ञ और सिविल सर्जन की अपील
सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी ने कहा कि मलेरिया से बचाव के लिए विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी लगातार बुखार आए, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर अपनी जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह पर ही दवा लें।
मलेरिया सलाहकार अरविंद द्विवेदी ने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और सोते समय अनिवार्य रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें।