खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़: गढ़वा में नकली बेसन से बन रहे थे बूंदी के लड्डू, एसडीएम की बड़ी कार्रवाई
गढ़वा। जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने सोमवार को रेहला रोड स्थित एक खेत में लंबे समय से चल रहे बूंदी लड्डू निर्माण कारखाने पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में भारी गड़बड़ियां पाई गईं।
मुख्य बातें:
खेसारी दाल और मैदे का मिलावट: जिस बूंदी के लड्डू को शुद्ध बेसन का बताकर बाजार में बेचा जा रहा था, उसके निर्माण स्थल पर वास्तविक बेसन मिला ही नहीं। पूछताछ में पता चला कि 40 प्रति किलो मिलने वाले कथित 'गुलकंद बेसन' का इस्तेमाल हो रहा था, जिसमें खेसारी दाल, घटिया मैदा और अरवा चावल मिश्रित था।
दुकानों पर भी जांच: कारखाने के संचालक की निशानदेही पर बाजार समिति स्थित दो दुकानों में भी जांच की गई, जहाँ से यह मिलावटी सामग्री बेची जा रही थी। मौके से दो बोरी घटिया मैदा और निम्न गुणवत्ता की सामग्री जब्त की गई है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीएम संजय कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को सैंपलों की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर होने का बहाना बनाकर किसी को भी आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। आदतन ऐसे अपराध करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।