प्रयागराज में ई-रिक्शा संचालन हेतु नया ट्रैफिक प्लान लागू
प्रयागराज: शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रयागराज पुलिस ने ई-रिक्शा संचालन के लिए नया ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह योजना 21 मई 2026 से एक माह के लिए प्रयोगात्मक रूप में लागू की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने इस संबंध में प्रेस नोट जारी कर जनता को जानकारी दी है।
नए आदेश के अनुसार रामबाग फ्लाईओवर ब्रिज, सिविल लाइंस हनुमान मंदिर से सुभाष चौराहा तक, लक्ष्मी टॉकीज चौराहे से पुलिस क्लब चौराहा होते हुए आनंद हॉस्पिटल तक, तथा कटरा से विश्वविद्यालय मार्ग एवं विश्वविद्यालय से एएन झा मार्ग तक ई-रिक्शा संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही तेलियरगंज से सिविल लाइंस आने वाले ई-रिक्शा और बैरहना-संगम क्षेत्र से आने वाले ई-रिक्शा के लिए वैकल्पिक डायवर्जन रूट भी निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह व्यवस्था शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को कम करने के उद्देश्य से बनाई गई है। प्रयोग सफल रहने पर इसे स्थायी रूप में लागू किया जा सकता है। यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों और आम नागरिकों से नई व्यवस्था का पालन करने की अपील की है ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।