छुटमलपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, शातिर गौकश घायल
फतेहपुर थाना पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में लगी गोली, भारी हथियार बरामद
सहारनपुर/छुटमलपुर:
जनपद में अपराधियों और गौकशों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कमेशपुर अंडरपास के पास रजापुर मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक गलत दिशा से आते दिखाई दिए।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो हड़बड़ाहट में बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने दोबारा पुलिस पर गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान अमजद पुत्र शब्बीर उर्फ लीला निवासी दतौली मुगल, थाना फतेहपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर भेज दिया। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान में रस्सी, चार छुरे, दो छोटी कुल्हाड़ी और लकड़ी का गुटका शामिल है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में गोकशी सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।