योगिया पहाड़ के पास पुलिस की कार्रवाई, 85 लीटर महुआ शराब बरामद, एक गिरफ्तार
गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात करीब 2:25 बजे थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के योगिया पहाड़ के पास छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 85 लीटर महुआ शराब बरामद किया। साथ ही अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल हो रही एक भट्ठी को भी ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान शराब बना रहे नगदीप मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।