बस्ती: पुरानी रंजिश में मारपीट, कुलदीप मौर्य गंभीर
बस्ती: हर्रैया थाना क्षेत्र के ग्राम अमिनडीह में पुरानी रंजिश के कारण दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुलदीप मौर्य की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार विवाद पुरानी दुश्मनी के चलते बढ़ गया था और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मारपीट में कुन्दन मौर्य, छेदीलाल समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों का इलाज पहले जिला अस्पताल बस्ती में किया गया, जहां कुलदीप मौर्य की स्थिति नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर रेफर किया गया। पीड़ित पक्ष ने हर्रैया थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।