शिकोहाबाद माधौगंज सब स्टेशन की बिजली कटौती से जनता बेहाल
जनपद फिरोजाबाद के शिकोहाबाद नगर स्थित माधौगंज विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से आमजन बुरी तरह परेशान हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन और रात में लगातार ट्रिपिंग और घंटों की कटौती से घरों में उमस और गर्मी असहनीय हो गई है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई और व्यापारिक कार्य भी बाधित हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों के अनुसार बिना किसी पूर्व सूचना के हो रही बिजली कटौती ने जनता का धैर्य जवाब दे दिया है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
भीषण गर्मी में लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था को लेकर नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों ने विद्युत विभाग से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाकर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि जनता को राहत मिल सके।