सुरक्षित भारत, भ्रष्टाचार मुक्त हमीरपुर विषय पर राठ में व्याख्यानमाला आयोजित
#राठ: झूठी शिकायत पर सख्त कानून बने अश्वनी उपाध्याय
राठ के चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में रविवार को राष्ट्रीय अस्मिता चेतना मंच के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय सुरक्षित भारत, भ्रष्टाचार मुक्त हमीरपुर रहा, जिसमें विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं संविधान विशेषज्ञ अश्वनी उपाध्याय ने कहा कि भारत में लोग जापान की तकनीक अपनाते हैं, लेकिन वहां के सख्त कानूनों को लागू करने से बचते हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि देश में लगभग 32 करोड़ लोग मुकदमों के कारण परेशान हैं और भ्रष्टाचार की वजह से हर साल लाखों लोगों की जान चली जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि एससी-एसटी एक्ट, दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों में कई बार फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं। अमेरिका और कनाडा जैसे देशों में झूठी शिकायत, झूठी जांच और झूठी गवाही पर कड़ी सजा का प्रावधान है, ऐसे ही सख्त कानून भारत में भी बनने चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवीप्रसाद गुप्ता ने कहा कि जीवन में स्वच्छता, आचरण में पवित्रता और वाणी में सौम्यता बेहद जरूरी है।
वहीं सामान्य जन चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने पारदर्शिता और नैतिकता को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के आयोजक और चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सत्यनारायण सिंह परिहार ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जनपद में एक सशक्त, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त समाज की स्थापना करना है।
इस दौरान विनोद शुक्ला (नई दिल्ली), अरविंद दुबे (प्रदेश महामंत्री, सहकार भारती कानपुर) और डॉ. देव सिंह (प्रदेश मंत्री) सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
आप क्या सोचते हैं? क्या भारत में झूठी शिकायतों पर सख्त कानून बनना चाहिए? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं ।