logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जीएसटी एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 ने व्यापार मंडल एवं सर्राफा व्यापारियों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित जीएसटी कार्यालय में एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 द्वारा उद्योग बंधु एवं सर्राफा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों एवं केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में व्यापारियों के साथ संवाद स्थापित करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 श्री रामकेश्वर सिंह ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशहित में दिए गए संदेश के अनुरूप वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए बुलियन गोल्ड की अनावश्यक खरीद-बिक्री से बचना चाहिए तथा केवल आवश्यक ज्वेलरी के क्रय-विक्रय को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से संयम एवं जिम्मेदारी के साथ व्यापार करने का आह्वान किया।
बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रीतम लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के वक्तव्य को लेकर आम जनता में कुछ भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से स्पष्ट विज्ञापन जारी कर जनता के बीच फैली भ्रांतियों को दूर करना चाहिए, ताकि सर्राफा बाजार में सामान्य स्थिति बहाल हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं राजनेताओं को भी इस दिशा में पहल करते हुए पारदर्शिता का संदेश देना चाहिए, जिससे जनता का विश्वास मजबूत हो।
सर्राफा एसोसिएशन गाजियाबाद के संरक्षक राज किशोर गुप्ता ने व्यापारियों की ओर से कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि वायदा व्यापार (फ्यूचर ट्रेडिंग) पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाना चाहिए, क्योंकि बड़े सरकारी एवं गैर-सरकारी उपक्रमों द्वारा बड़े स्तर पर बुलियन व्यापार किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद से सर्राफा बाजार में ग्राहकों की संख्या में काफी कमी आई है। इसलिए आवश्यक है कि सरकार स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर व्यापारियों एवं आम जनता की शंकाओं का समाधान करे।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने कहा कि बुलियन गोल्ड की सबसे अधिक खरीद बड़े प्रभावशाली वर्गों एवं राजनेताओं द्वारा की जाती है, इसलिए इस प्रकार की पहल की शुरुआत स्वयं उनसे होनी चाहिए, तभी आम जनता में सकारात्मक संदेश जाएगा।
बैठक में एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 रामकेश्वर सिंह, जॉइंट कमिश्नर मोनू सिंह एवं जिलाजीत सिंह, डिप्टी कमिश्नर चंद्रकांत भूषण, विजय चौधरी, विनय गौतम, सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रीतम लाल, जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, जिला मंत्री अमित गोयल, साहिबाबाद विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार सिंह राणा, महामंत्री ईतेश पोसवाल, झंडापुर अध्यक्ष उपेंद्र उपाध्याय, महिला शाखा अध्यक्ष मीनू सिंह तथा सर्राफा एसोसिएशन गाजियाबाद के संरक्षक राज किशोर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी एवं उद्योग बंधु उपस्थित रहे।

61
9118 views

Comment