महंगाई, गैस कालाबाजारी और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
*हरदोई*
जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई की मार, नहीं सहेगा हिंदुस्तान, गैस सिलेंडर की कालाबाजारी बंद करो और युवा विरोधी सरकार होश में आओ जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से दूध, फल, सब्जी समेत दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। साथ ही निजी शिक्षा और अस्पतालों के बढ़ते खर्चों ने आम लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
कांग्रेस नेताओं ने रसोई गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी और खराब होम डिलीवरी व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और लोग मजबूरी में अधिक कीमत देकर सिलेंडर खरीदने को विवश हैं। वहीं लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों को लेकर भी सरकार को घेरते हुए कांग्रेस नेताओं ने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवार परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि बेरोजगारी और पेपर लीक से युवा परेशान हैं, जबकि महंगाई और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही है। धरना-प्रदर्शन में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष अजीत विशाल नंदवंशी, आफताब हैदर, अजीत सिंह चंदेल, भुट्टो मियां, जिला महासचिव राम अनिल, प्रेम प्रकाश वर्मा, श्याम प्रकाश त्रिपाठी, हरिओम त्रिपाठी, युवा जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव मंजू लता मित्र, महिला जिला अध्यक्ष सुनीता देवी, एनएसयूआई अध्यक्ष हसन अहमद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
* रिपोर्टर यूनुश सिद्दीकी हरदोई*