मनोहरपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की माँग तेज
मनोहरपुर : मनोहरपुर रेलवे फाटक पर वर्षों से लंबित ओवरब्रिज निर्माण की माँग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने आंदोलन शुरू किया है। रेल विभाग की उदासीनता के कारण ओवरब्रिज का निर्माण नहीं हो सका है, जिससे आम लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह फाटक औसतन 24 घंटे में लगभग 18 घंटे बंद रहता है, जिससे वाहनों की लंबी कतारें बन जाती हैं। इस स्थिति से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को विशेष रूप से प्रभावित होना पड़ता है। आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोग घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।
मनोहरपुर स्थित आयरन ओर साइडिंग से दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर मंडल को प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, बावजूद इसके बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। 2024 के सर्वेक्षण के अनुसार इस रेलवे फाटक का ट्रैफिक व्हीकल यूनिट (TVU) 3,49,838 दर्ज किया गया है, जो ओवरब्रिज निर्माण के लिए पात्रता को पूरा करता है। इस समस्या से निपटने के लिए स्थानीय नागरिकों ने "नागरिक सुविधा समिति मनोहरपुर" का गठन किया है और ओवरब्रिज निर्माण, अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव तथा समयबद्ध संचालन की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। आगामी कार्यक्रम के तहत आनंदपुर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। समिति के सदस्यों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।