ऑनलाइन दवा बिक्री विरोध में 20 मई को देशव्यापी बंद
चाईबासा: ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट कंपनियों की भारी छूट नीति के विरोध में 20 मई 2026 को देशभर में ऑल इंडिया केमिस्ट्स बंद आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एण्ड ड्रगिस्ट्स ने किया है, जिसे पश्चिम सिंहभूम जिले के दवा दुकानदारों और केमिस्ट संगठनों ने भी समर्थन दिया है। पश्चिम सिंहभूम केमिस्ट्स एण्ड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने दवा दुकानों के बाहर बंद से संबंधित पोस्टर लगाए हैं और इस बंद के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
संगठन का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे और मध्यम स्तर के दवा व्यवसायियों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है और मरीजों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से जीएसआर 817 (28 अगस्त 2018) और कोविड काल में जारी जीएसआर 220 (26 मार्च 2020) को वापस लेने की मांग की है। दवा व्यवसायियों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के नियमों की अनदेखी व कॉरपोरेट कंपनियों की भारी डिस्काउंट नीति का भी विरोध किया है, जिससे स्थानीय व्यवसाय आर्थिक संकट में हैं। इस आंदोलन का नेतृत्व जे.एस. शिंदे और राजीव सिंघल कर रहे हैं, जबकि पश्चिम सिंहभूम में सतीश कुमार ठक्कर, रमेश खिरवाल और रितेश मूंधड़ा तैयारियों में लगे हुए हैं।