झारखंड में सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए
रांची: झारखंड मंत्रालय में आयोजित नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नवनियुक्त इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान समारोह उत्साह और गौरवपूर्ण माहौल से भरपूर रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राज्य के विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं और उन्हें गांव-गांव जाकर बच्चों के भविष्य को संवारने का कार्य करना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले चार महीनों में शिक्षा विभाग में 9 हजार से अधिक तथा पिछले दो वर्षों में 16 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार दिया गया है। समारोह में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह सहित कई वरीय पदाधिकारी एवं अभ्यर्थियों के परिजन मौजूद रहे।