ग्राम पंचायत की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता : अहमद राजा
सोनभद्र / म्योरपुर म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत आरंगपानी की विभिन्न समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोड़ को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने गांव में सीसी रोड, बंधी निर्माण तथा पेयजल संकट जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की।
ग्रामीण शांति देवी ने बताया कि गर्मी के दिनों में जलस्तर लगातार नीचे गिरता जा रहा है, जिससे पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने जल्द से जल्द आरंगपानी गांव में नल-जल योजना के तहत नियमित पानी सप्लाई शुरू कराने की मांग की।
वहीं सुलेखा देवी ने कई वर्षों से टूटे पड़े तेलिया गड़ई बांध का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि बांध टूटने से खेती और जल संरक्षण दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
देवकुमारी ने बताया कि गांव में सीसी रोड के लिए कई बार नापी हो चुकी है और निर्माण सामग्री भी गिराई गई थी, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। आरोप लगाया कि सामग्री को दूसरी जगह ले जाकर निर्माण कार्य कर दिया गया।
ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोड़ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से युवा समाजसेवी राजू कुमार गुप्त, देवकुमारी, कुसुम कुमारी, सुलेखा देवी, विनीता कुमारी, वार्ड सदस्य देवकुमारी, शांति देवी, दिलेश्वरी अगरिया, सीता कुमारी, शिव कुमारी पठारी, राजकुमारी सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।