तपती धूप में जन-आक्रोश: पूर्व पालिकाध्यक्ष विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण जयपुर रवाना
सावर (केकड़ी): राजस्थान सरकार द्वारा नवगठित जिलों की समीक्षा के बीच केकड़ी को फिर से जिला घोषित करने की मांग अब एक बड़े जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है। सोमवार, 18 मई 2026 को सावर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने सावर से जयपुर मुख्यमंत्री निवास के लिए ऐतिहासिक पैदल मार्च शुरू कर दिया है। भीषण गर्मी और तपती धूप की परवाह किए बिना ग्रामीण करीब 200 किलोमीटर का लंबा सफर पैदल तय करेंगे।
आंदोलनकारियों की मुख्य मांग है कि केकड़ी के जिला दर्जे को तुरंत बहाल किया जाए। विश्वजीत सिंह शक्तावत ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में काम करने और आम जनता को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। साथ ही पदयात्रा के माध्यम से देवली-नसीराबाद फोरलेन के तहत सावर में बाईपास निर्माण, खारी नदी से अवैध बजरी खनन पर रोक और सरकारी जमीनों को भूमाफियाओं से मुक्त कराने की मांग भी उठाई जा रही है।
सावर सहित टांकावास, देवखेड़ी, जेतपुरा और कालेड़ा कृष्णगोपाल जैसे दर्जनों गांवों से भारी संख्या में युवा और बुजुर्ग इस पदयात्रा में शामिल हुए हैं। स्थानीय प्राइवेट बस और टैक्सी यूनियनों ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि केकड़ी को जिला बनाना क्षेत्र के विकास और जनता के स्वाभिमान से जुड़ा मुद्दा है और जब तक राज्य सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, वे जयपुर में मुख्यमंत्री के समक्ष सीधे अपनी बात रखेंगे।