logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

समाधान शिविर में उपायुक्त सख्त, अधिकारियों को खुद उपस्थित रहने के निर्देश

पंचकूला, 18 मई। पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा ने समाधान शिविर में अधिकारियों की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि बैठकों में प्रतिनिधि नहीं बल्कि संबंधित अधिकारी स्वयं उपस्थित रहेंगे। अधीनस्थ कर्मचारियों को भेजने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान उपायुक्त ने गांव सूरजपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई न होने पर कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता को दो दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि जवाब न देने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

समाधान शिविर में उपायुक्त ने जिलावासियों की 13 समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। वर्ष 2025 और 2026 की लंबित व री-ओपन शिकायतों पर भी संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को वीरवार तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।

सेक्टर-12 निवासी की शिकायत पर एचएसवीपी के खाली प्लॉटों में उगी झाड़ियों की सफाई करवाने के निर्देश एचएसवीपी के एसडीओ को दिए गए। वहीं गांव मोगीनंद में गली निर्माण कार्य लंबित रहने और पूर्व निर्देशों के बावजूद कार्रवाई न होने पर नगर निगम के कार्यकारी अभियंता से दो दिन में जवाब तलब किया गया।

गांव मोगीनंद में वर्ष 2022 में स्वीकृत ट्यूबवेल अब तक न लगाए जाने के मामले में भी उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता को शीघ्र जवाब देने के निर्देश दिए।

उपायुक्त नायब सिंह सैनी के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। प्रत्येक सोमवार और वीरवार सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित होने वाले इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर शिकायतों का समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिविरों की निगरानी कर लोगों से फीडबैक लेते हैं।

इस अवसर पर नगराधीश जागृति, एमिनेंट पर्सन जसमेर बंजारा, विपिन लिड्डू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

#Panchkula #SamadhanShivir #SatpalSharma #NaibSinghSaini #Surajpur #Moginand #HaryanaNews #जनसमस्या #समाधान_शिविर #पंचकूला #samacharsansarnews24

0
66 views

Comment