कटनी में माई घाट क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित
कटनी : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के तहत नगर निगम कटनी द्वारा माई घाट क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान एवं स्वच्छता चौपाल का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की व्यापक साफ-सफाई की गई और नागरिकों को स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। टीम ने रेड एवं येलो स्पॉट चिन्हित कर उनकी विशेष सफाई कराई तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने का आग्रह किया।
स्वच्छता चौपाल में आमजन को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल प्रशासन के प्रयास से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से संभव है। नागरिकों से सिटीजन फीडबैक देकर नगर निगम को बेहतर रैंक दिलाने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, वार्ड एस.आई. अतुल गुप्ता, बाल्मीक पाण्डेय, तीरथ प्रसाद, वार्ड दरोगा राजेश रावत, राजेश कुंडे और एमएसडब्ल्यू शिव गुप्ता सहित निगम अमला मौजूद था।
नगर निगम प्रशासन ने आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान और जन जागरूकता गतिविधियां जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है ताकि नागरिक सहभागिता और मजबूत हो सके।