logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विद्युत कटौती से जनता त्रस्त, शाम होते ही गुल हो रही बिजली

विद्युत कटौती से जनता त्रस्त, शाम होते ही गुल हो रही बिजली
घोसियारी बाजार, हिंदुस्तान संवाद
बांसी तहसील क्षेत्र अंतर्गत खैरटिया पावर हाउस से हो रही लगातार विद्युत कटौती से क्षेत्र की जनता परेशान हो गई है। खासकर शाम के समय होने वाली अघोषित बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। हालत यह है कि यदि बिजली रहती भी है तो वोल्टेज इतना कम रहता है कि घरों में बल्ब तक ठीक से नहीं जल पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब लोगों को सबसे अधिक बिजली की आवश्यकता होती है, उसी समय घंटों बिजली काट दी जाती है। शाम के वक्त भोजन बनाने और खाने के समय बिजली गुल रहने से महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही कटौती और लो वोल्टेज के कारण दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी में बिजली न रहने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस संबंध में खैरटिया पावर हाउस के जेई दिनेश कुमार जायसवाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कटौती उनके स्तर से नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा, यह कटौती ऊपर से की जाती है, हमारे बस की बात नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की कटौती को केवल सांसद और विधायक स्तर से ही रुकवाया जा सकता है।
क्षेत्रीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से जल्द समाधान की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जनता की इस गंभीर समस्या को लेकर जिम्मेदार लोग क्या कदम उठाते हैं।

1
47 views

Comment