रायपुर में भाजपा नेता धरमलाल कौशिक से लूटपाट
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच राजधानी रायपुर से बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता धरम लाल कौशिक मोबाइल लूट की घटना का शिकार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के समय वे अकेले थे।
मोबाइल लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। आरोपी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में नाकेबंदी भी की गई है।
पुलिस जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा कर रही है। राजधानी में वीआईपी नेता के साथ हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।