logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

तूफान में टूटी लाइनें, मगर नहीं टूटा हौसला: 48घंटे में चमकी पड़री की बिजली

मिर्ज़ापुर (पड़री /पहाड़ी ):- पड़री क्षेत्र में आए भीषण तूफान और आंधी के बाद विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। कई स्थानों पर विद्युत पोल टूट गए, तार क्षतिग्रस्त हो गए तथा पेड़ गिरने से सप्लाई बाधित हो गई। ऐसी कठिन परिस्थिति में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पड़री की टीम ने लगातार मेहनत कर मात्र 48 घंटे के भीतर लगभग 80 प्रतिशत विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी।

उपकेंद्र प्रभारी जेई संदीप प्रभाकर के नेतृत्व में विभागीय कर्मचारियों ने दिन-रात फील्ड में रहकर कार्य किया। देर रात तक मरम्मत और लाइन दुरुस्ती का काम चलता रहा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली।

इस आपदा के समय उपकेंद्र क्षेत्र के अंतर्गत संचालित कई क्रेशर प्लांट संचालकों ने भी बिजली बहाली कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। क्रेशर मालिकों ने अपने मजदूरों और संसाधनों को उपलब्ध कराकर बिजली विभाग की टीम का सहयोग किया, जिससे टूटे खंभों को हटाने, पेड़ों की कटाई तथा लाइन बहाली के कार्य में तेजी आई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग और स्थानीय सहयोग के चलते ही पड़री थाना, विकासखंड कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री सहित अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम समय में बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।

ग्रामीण अखिलेश सिंह, राकेश सिंह, वैभव रस्तोगी, मलखान, दीपक, सुशील यादव, भीम सिंह, कैलाश प्रजापति, राजू गुप्ता, पिंटू रस्तोगी, पिंटू अग्रहरि, कृष्ण सिंह सहित अन्य लोगों ने बिजली विभाग और सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में जिस तरह सामूहिक प्रयास किया गया, वह क्षेत्र के लिए राहतभरा साबित हुआ।

अभी शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी तेजी से कार्य जारी है और विभाग द्वारा जल्द पूरी आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

36
1887 views

Comment