logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

लखनऊ। मड़ियाव में दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई।

लखनऊ के मड़ियांव के भिठौली क्रॉसिंग के पास रविवार शाम झगड़ा करने से मना करने के विरोध में ढाबा मालिक विजय यादव (28) को बाइक सवार दो युवकों ने गोली मार दी। गोली उनकी कनपटी के आरपार निकल गई। उन्हें गंभीर हालात में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज कर हमलावरों की तलाश में लगी है।इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि सैरपुर तरहिया गांव निवासी विजय यादव का भिठौली क्रॉसिंग के पास यादव ढाबा और फैमिली रेस्टोरेंट है। बताया जाता है कि रविवार शाम करीब चार बजे विजय अपने साथी विवेक के साथ दुकान के बाहर लगे काउंटर पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इस बीच उनकी दुकान के सामने शराब के नशे में चार युवक आपस में झगड़ा करने लगे। विजय ने युवकों को मना किया और मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे। इस पर आरोपी उन्हें धमकाते हुए वहां से चले गए।15 मिनट बाद बाइक से पहुंचे और मार दी गोली

विजय के साथ मौजूद उनके साथी विवेक ने बताया कि आरोपी युवकों के जाने के 15 मिनट के बाद बाइक सवार दो युवक पहुंचे। आरोपियों ने बिना किसी बातचीत के विजय यादव को गोली मार दी। गोली विजय की कनपटी पर लगी और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े।जानकीपुरम की तरफ भागे हमलावर

भिठौली क्रॉसिंग जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से अफरातफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर विजय यादव के कर्मचारी व आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। इस बीच आरोपी हमलावर जानकीपुरम की तरफ भाग निकले। लोगों ने फौरन घायल विजय को करीब के अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उन्हें गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।सीसीटीवी कैमरे में दिखे बाइक सवार हमलावर

ढाबा मालिक को जिस जगह गोली मारी गई, वहां से अजीजनगर पुलिस चौकी महज 500 मीटर दूर है। सूचना मिलते ही डीसीपी नॉर्थ गोपाल चौधरी और मड़ियांव पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डीसीपी नॉर्थ गोपाल चौधरी ने बताया कि घायल विजय यादव के भाई आयुष की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से हमलावरों की फुटेज मिली है। मड़ियांव पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम हमलावरों की तलाश में लगी है।

3
550 views

Comment