जमशेदपुर: टाटा स्टील समर कैंप में बच्चों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण
जमशेदपुर: टाटा स्टील स्पोर्ट्स विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक समर कैंप में बच्चों को कराटे और आत्मरक्षा के विशेष प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय कोच एल. नागेश्वर राव के नेतृत्व में प्रतिदिन करीब 150 बच्चे अनुशासन, फोकस और सुरक्षा के गुर सीख रहे हैं। इस बार रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 2500 के पार पहुंच गया है, जिससे कैंप की लोकप्रियता और बढ़ी है।
टाटा स्टील ने इस समर कैंप में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता और सुरक्षा जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक तथा इंटरैक्टिव सेशन्स भी शामिल किए हैं। अभिभावकों के लिए वेलनेस सेशन, हॉबी वर्कशॉप और अन्य इंटरैक्टिव कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। कैंप के अंत में बच्चों और अभिभावकों के लिए स्नैक्स और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की गई है।
टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी ने बताया कि समर कैंप बच्चों के समग्र विकास, सुरक्षा जागरूकता और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसमें खेल के साथ-साथ मनोरंजन और शिक्षा पर भी जोर दिया जा रहा है।