सब्जी मंडियों से वाहन चोरी करने वाले दो नाबालिग काबू : चोरी के 3 दुपहिया वाहन बरामद, जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश
पंचकूला / 17 मई:- पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने वाहन चोरी की 3 वारदातों को सुलझाते हुए दो नाबालिग आरोपियों को काबू कर कई चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। दोनों बालकों ने सेक्टर-14 और सेक्टर-15 की सब्जी मंडियों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिलें और एक्टिवा बरामद कर ली हैं। दोनों नाबालिगों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें सुधार गृह भेज दिया गया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार पंचकूला निवासी व्यक्ति की शिकायत पर 01 मार्च को मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि वह अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर को सेक्टर-14 स्थित एलेन इंस्टीट्यूट के सामने खड़ी कर सब्जी लेने गया था, लेकिन वापस आने पर मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच टीम को गुप्त सूचना मिली कि सेक्टर-15 स्थित शराब ठेके के पास पार्क में एक संदिग्ध लड़का चोरी की मोटरसाइकिल पर बैठा हुआ है। सूचना के आधार पर इंचार्ज मुकेश सैनी की अगुवाई में टीम ने मौके पर दबिश देकर एक नाबालिग बालक को काबू किया। पूछताछ में उसने बताया कि करीब ढाई महीने पहले सेक्टर-14 सब्जी मंडी के बाहर से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। पूछताछ में आरोपी किशोर ने अन्य साथी का खुलासा किया कि उसने साथी के साथ मिलकर अन्य कई वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात भी कबूल की। उसने बताया कि दोनों ने मिलकर 17 जनवरी 2026 को एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा अप्रैल माह में एक एक्टिवा चोरी की थी। आज पुलिस द्वारा दूसरे नाबालिग आरोपी को भी काबू कर लिया गया है।
पंचकूला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय हमेशा सुरक्षा उपाय अपनाएं, वाहन लॉक अवश्य करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कवरेज वाले क्षेत्रों में ही वाहन खड़े करें। पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।