फतेहपुर क्षेत्र में चोरों का आतंक जारी, मुर्गी फार्म को बनाया निशाना
छुटमलपुर / सहारनपुर
थाना फतेहपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने बेहड़ा कला निवासी एक किसान के मुर्गी फार्म को निशाना बनाते हुए वहां रखे जनरेटर से अल्टीनेटर चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेहड़ा कला निवासी ओमपाल सिंह का गांव के पास मुर्गी फार्म है, जहां वह रात में मौजूद थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर जनरेटर से अल्टीनेटर निकाल लिया और फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि कुछ दूरी पर स्थित एक बाग में अल्टीनेटर को तोड़कर उसमें से तांबा निकाल लिया गया, जबकि बाकी सामान वहीं फेंक दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है।
ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले भी इसी फार्म से बैटरियां चोरी होने की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।
घटना की सूचना थाना फतेहपुर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।