ज्ञानदीप मंडल का जीव दया प्रकल्प बना मूक पशुओं के लिए जीवनदायिनी पहल
ज्ञानदीप मंडल का जीव दया प्रकल्प बना मूक पशुओं के लिए जीवनदायिनी पहल
दानदाताओं के सहयोग से नगर में रखे गए नए चाठिए, गर्मी में मूक प्राणियों को मिलेगा पानी का सहारा
बदनावर।
भीषण गर्मी के बीच मूक पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता और जीव दया की भावना को साकार करते हुए ज्ञानदीप मंडल द्वारा संचालित जीव दया प्रकल्प निरंतर सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बनता जा रहा है। मंडल द्वारा प्रतिवर्ष नगर में दानदाताओं के सहयोग से पक्षियों के लिए सकोरा (जल पात्र) वितरण के साथ-साथ विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर चाठिए रखकर मूक पशुओं के लिए पानी की सुलभ व्यवस्था की जा रही है।
इसी क्रम में आज स्वर्गीय श्री सुभाषचंद्र जी एवं श्रीमती सुलोचना देवी जैन, इंदौर की पुण्य स्मृति में विपिन-पल्लवी जैन (USA) के सहयोग से नगर के विभिन्न स्थानों पर नए चाठिए स्थापित किए गए। इनमें दयोदय गौशाला में चार, लक्ष्मी गौशाला में दो, शीतला माता मंदिर पिटगारा में एक तथा वारको सिटी रोड पर चिन्हित स्थान पर एक चाठिया रखा गया।
संस्था अध्यक्ष विजय बाफना ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडल द्वारा विगत कई वर्षों से संचालित इस जीव दया प्रकल्प के अंतर्गत अब तक नगर के विभिन्न स्थानों पर कुल 54 चाठिए रखे जा चुके हैं। इन चाठियों की नियमित सफाई एवं जल व्यवस्था स्थानीय संबंधित परिवारों एवं व्यक्तियों के सहयोग से निरंतर की जाती है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में मंडल की टोली द्वारा नगर में स्थापित सभी चाठियों का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित परिवारों से गर्मी के दिनों में नियमित सफाई एवं पानी की सतत व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया गया। साथ ही जिन स्थानों पर चाठियों का उपयोग नहीं हो रहा था, वहां से चार चाठियों को हटाकर अधिक उपयोगी एवं सुलभ स्थानों पर पुनः स्थापित किया गया।
चाठिया वितरण प्रकल्प के संयोजक चेतन रांका ने बताया कि प्रथम चरण में नगर के पाँच स्थानों पर तथा द्वितीय चरण में छह स्थानों पर दानदाताओं के सहयोग से नए चाठिए रखे गए हैं। यह प्रकल्प समाज में जीव दया, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागृति का भी संदेश दे रहा है।
इस अवसर पर संस्था के सदस्य राजेश जैन, निलेश मोदी, पवन पाटोदी, दिनेश हरोड़, ईश्वर जोशी, हेमराज पवार, विक्रम सिंह चौहान एवं राजेश्वर द्विवेदी उपस्थित रहे।
संस्था सचिव प्रदीप पांडे ने बताया कि ज्ञानदीप मंडल द्वारा आगामी दिनों में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत 31 मई को धूम्रपान निषेध दिवस तथा 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।