logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मुरैना के 200 युवक -युवतियों हेतु सेना एवं पुलिस भर्ती के लिए शोर्य संकल्प प्रशिक्षण प्रारंभ

मुरैना के 200 युवक-युवतियों हेतु सेना एवं पुलिस भर्ती के लिए शौर्य संकल्प प्रशिक्षण प्रारंभ

विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने किया शुभारंभ

45 दिवसीय निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण में फिजिकल एवं लिखित परीक्षा की तैयारी के साथ मिलेगा 1100 रुपये तक मासिक भत्ता

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा मुरैना जिले के अन्य पिछड़ा वर्ग के युवक-युवतियों को सेना, पुलिस, एनडीए, सीडीएस तथा अन्य सैन्य एवं असैन्य सेवाओं में भर्ती हेतु तैयार करने के उद्देश्य से 45 दिवसीय शौर्य संकल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ शनिवार को बाबा साहब अम्बेडकर स्टेडियम, मुरैना में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं सांसद श्योपुर-मुरैना श्री शिवमंगल सिंह तोमर द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में चयनित प्रशिक्षणार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क एवं आवासीय है। इसका मुख्य उद्देश्य अन्य पिछड़ा वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली युवक-युवतियों को उचित मार्गदर्शन, संसाधन तथा अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराकर सेना एवं पुलिस भर्ती परीक्षाओं के लिए सक्षम बनाना है।

प्रशिक्षण की प्रमुख विशेषताएं
1. दोहरे स्वरूप का प्रशिक्षण शारीरिक एवं शैक्षणिक

2.शारीरिक प्रशिक्षण स्थल : 5वीं बटालियन मैदान, मुरैना
समय : प्रतिदिन प्रातः एवं सायं डेढ़-डेढ़ घंटे

प्रमुख गतिविधियां :
1600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, बीम, चिन-अप तथा संपूर्ण फिटनेस प्रशिक्षण, जिसे विशेष प्रशिक्षकों द्वारा संचालित किया जाएगा।

2. सैद्धांतिक कक्षाएं प्रतिदिन 4 घंटे
विषय : सामान्य ज्ञान, गणित, रीजनिंग, करेंट अफेयर्स, हिंदी, अंग्रेजी एवं कंप्यूटर बेसिक्स।
मुख्य फोकस : लिखित परीक्षा की तैयारी एवं व्यक्तित्व विकास।
आवासीय व्यवस्था पूर्णतः निःशुल्क
बालिकाओं हेतु :
कन्या महाविद्यालयीन छात्रावास, वी.आई.पी. रोड, मुरैना
बालकों हेतु :
ज्ञानोदय विद्यालय परिसर, महाराजपुर, मुरैना
उपलब्ध सुविधाएं :
आवास, भोजन, नाश्ता, अध्ययन सामग्री एवं यूनिफॉर्म किट विभाग द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
आर्थिक सहयोग शिक्षा भत्ता
युवतियों को : 1100 रुपये प्रतिमाह
युवकों को : 1000 रुपये प्रतिमाह
चयन एवं पात्रता
इस प्रशिक्षण बैच हेतु कुल 200 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिनमें 165 युवक एवं 35 युवतियां शामिल हैं।
पात्रता मापदंड
शैक्षणिक योग्यता : 12वीं उत्तीर्ण
आयु सीमा : 18 से 25 वर्ष
शारीरिक मापदंड :
युवक : न्यूनतम लंबाई 168 सेमी
युवती : न्यूनतम लंबाई 155 सेमी
वर्ग : अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण-पत्रधारी
कलेक्टर श्री जांगिड़ ने कहा कि मुरैना की माटी वीरों की माटी है। यहां के युवाओं में जज्बा है, आवश्यकता केवल सही दिशा और अवसर की है। शौर्य संकल्प प्रशिक्षण उसी दिशा में एक सार्थक पहल है। हमारा लक्ष्य है कि इस बैच से अधिकतम युवा वर्दी पहनकर देश सेवा करें।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण आगामी 45 दिनों तक निरंतर संचालित किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं योजना के नोडल अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से प्रशिक्षण में भेजें तथा अनुशासन बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena

55
1155 views

Comment