गाजीपुर .भांवरकोल में खनन विभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए
भांवरकोल में खनन विभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध आईएसटीपी सर्टिफिकेट के बालू परिवहन कर रहे छह वाहनों को पकड़ा। कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर की गई। इस दौरान एक ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है।
खान निरीक्षक ईश्वर चंद्र के अनुसार, पकड़े गए सभी वाहनों को भांवरकोल थाना में खड़ा कराया गया है। जांच में वाहनों के पास जरूरी दस्तावेज और आईएसटीपी प्रमाणपत्र नहीं मिले। मामले में दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।
बताया गया कि लखनऊ से आई प्रवर्तन दल की टीम ने अनुराग वर्मा और डॉ. योगेन्द्र भदौरिया के नेतृत्व में क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बालू लदे वाहनों की गहन जांच की गई और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
खनन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध परिवहन और कर चोरी में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने कहा कि बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।