logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भुइया समाज की बैठक में शिक्षा और जागरूकता पर चर्चा

17 मई 2026 को ग्राम सिधामा के ठाकुरसरना पारा में भुइया समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों की उपस्थिति रही, जहां समाज के विकास और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर जे.आर. ठाकुर, ध्रुव कुमार, रितेंद्र कुमार, साधू राम, शोभित राम, फूलचंद, बुद्धराम, विजय प्रसाद, बरातु राम एवं धीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सभा के दौरान वक्ताओं ने समाज में शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। शिक्षा के माध्यम से ही समाज आगे बढ़ सकता है और नई पीढ़ी अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को बेहतर ढंग से समझ सकती है। ग्रामीणों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
बैठक में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथाओं को रोकने पर भी चर्चा हुई। समाज के लोगों ने कहा कि कम उम्र में विवाह बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य दोनों पर प्रभाव डालता है, इसलिए सभी लोगों को जागरूक होकर इस कुप्रथा के खिलाफ आगे आना चाहिए। इसके साथ ही गांव में साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ वातावरण तैयार करने तथा आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
सभा में धर्मांतरण जैसे विषय पर भी चर्चा करते हुए समाज के लोगों ने अपनी परंपरा, संस्कृति और सामाजिक पहचान को सुरक्षित रखने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज को एकजुट रहकर अपनी संस्कृति एवं रीति-रिवाजों के संरक्षण के लिए जागरूक रहना चाहिए।
बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जहां समाज के लोगों ने सामाजिक विकास, जागरूकता और एकता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। रिपोर्टर : धीरज कुमार

43
2832 views

Comment