भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में विदेशी शराब भी बरामद
कौशल कुमार
18 मई 2026
भागलपुर । जिले में अपराधियों और अवैध धंधेबाजों के खिलाफ वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार के निर्देश पर चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत भागलपुर पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब और प्रतिबंधित नशीला पदार्थ 'ब्राउन शुगर' बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बबरगंज में ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर दबोचे गए
पहली कार्रवाई बबरगंज थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो नशा तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 11.57 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है। वरीय पुलिस अधीक्षक के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
सबौर में शराब की बड़ी खेप जब्त, एक गिरफ्तार
दूसरी बड़ी सफलता सबौर थाना पुलिस को मिली। एसएसपी के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान पुलिस की गठित छापामारी टीम ने 260.64 लीटर विदेशी शराब की खेप जब्त की। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ताराकांत शर्मा नामक आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक का संदेश:
भागलपुर पुलिस जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अपराध के विरुद्ध पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।